केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने बदरवास में लगभग 40 करोड़ की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन कियाशिवपुरी-केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बदरवास में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया और कोलारस, बदरवास की जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मैं कोलारस बदरवास क्षेत्र का कोटवार हूं और सदैव जनता की सुरक्षा की मेरी जिम्मेदारी है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहे हैं और मैं अपने क्षेत्र के विकास के लिए तत्पर हूं।
उन्होंने कहा कि भोपाल ग्वालियर इंटरसिटी इस क्षेत्र के लिए जीवन रेखा है, जो अब 5 दिन नहीं बल्कि सप्ताह के 7 दिनों इसकी सेवा मिलेगी। माधव नेशनल पार्क अब टाइगर रिजर्व बन गया है यहां आठ टाइगर हो गए हैं। अब पर्यटकों की संख्या भी बढ़ेगी, जिससे रोजगार भी बढ़ेगा।इसके अलावा कोलारस, शिवपुरी क्षेत्र की एक ज्वलंत समस्या थी, जिसमें सहकारी बैंक में जो 80 करोड़ का गबन किया गया था जिससे किसान और व्यापारी सब परेशान थे। इस क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के माध्यम से भी यह समस्या मेरे संज्ञान में लाई गई और प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा 50 करोड रुपए की राशि की सौगात दी गई है।
उन्होंने कहा कि श्रीमंत माधवराव सिंधिया सिंचाई परियोजना स्वीकृत की गई थी, जो 16000 करोड़ की परियोजना है जिससे शिवपुरी जिला भी लाभान्वित होगा। चंबल पार्वती लिंक परियोजना और केन बेतवा लिंक परियोजना, इन दोनों परियोजना से शिवपुरी जिले को लाभ होगा और लगभग डेढ़ लाख हैक्टेयर भूमि सिंचित होगी। यह एक तरह से केवल पानी से संबंधित योजना नहीं है, बल्कि किसानों के लिए जीवनधारा है। उन्होंने बदरवास के जैकेट उद्योग के बारे में भी चर्चा करते हुए कहा कि पहले छोटे-छोटे क्लस्टर के रूप में काम होता था लेकिन अब यहां बड़े स्तर पर उद्योग लगाया जाएगा। अब लगभग 1000 दीदियों को रोजगार मिलेगा, जिससे हमारी महिलाएं सशक्त होंगी तो पूरा परिवार मजबूत होगा। शिवपुरी में डॉक्टर की भी कमी थी लेकिन मेडिकल कॉलेज भी यहां बनकर तैयार हुआ। पहले लोगों को इलाज के लिए ग्वालियर जाना होता था परंतु अब यहां बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। शिवपुरी से ही अब डॉक्टर निकलेंगे, जो अलग अलग जगहों पर अपनी सेवाएं देंगे। स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी अब शिवपुरी में बेहतर सुविधाएं विकसित हुई है।
उन्होंने कहा कि अभी मेरे क्षेत्र के लिए विकास का सफर शुरू हुआ है विकास का यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा। कार्यक्रम में कोलारस विधायक महेंद्र सिंह यादव, पूर्व विधायक सुरेश राठखेड़ा, ओमप्रकाश खटीक, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कोलारस विधायक महेंद्र सिंह यादव ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री सिंधिया शिवपुरी के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। न केवल शिवपुरी बल्कि अपने लोकसभा क्षेत्र शिवपुरी गुना अशोकनगर में लगातार सक्रिय हैं। एक साल में कई सौगात दी हैं। केंद्रीय मंत्री सिंधिया के प्रयास से सहकारी बैंक को 50 करोड रुपए की राशि की मिली है। ग्वालियर से भोपाल के लिए ट्रेन की मंजूरी दिलाई है। केन बेतवा नदी परियोजना की सौगात दी गई है।
No comments:
Post a Comment