Responsive Ads Here

Shishukunj

Shishukunj

Tuesday, June 18, 2024

विनय प्रकाश मणिदीप सृजन सम्मान से सम्मानित



नवगीत विधा के अंतर्गत भोपाल में मिला उन्हें यह सम्मान

शिवपुरी। जिले के प्रसिद्ध कवि-गीतकार विनय प्रकाश जैन नीरव नवगीत विधा में पहले मणिदीप सृजन सम्मान से सम्मानित किए गए हैं। उन्हें यह सम्मान प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित म.प्र.हिंदी साहित्य सम्मेलन के नीलम जयंती शब्द उत्सव में प्रदान किया गया। मंच पर उपस्थित अतिथियों में देश के लब्धप्रतिष्ठ कवि एवं कला समीक्षक प्रयाग शुक्ल, प्रतिष्ठित साहित्यिक पत्रिका लमही के संपादक विजय राय, वरिष्ठ साहित्यकार सत्य नारायण वर्मा, कुंदन सिंह परिहार और सम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार पलाश सुरजन शामिल थे। 'मणिदीप सृजन सम्मान' के अंतर्गत विनय प्रकाश जैन नीरव को 5100 रुपए राशि का चेक और प्रशस्ति पत्र भेंट किया गया।

हिंदी साहित्य की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था मध्य प्रदेश हिंदी साहित्य सम्मेलन ने इस साल अपनी स्थापना के 65 वर्ष पूरे किए हैं। इस अवसर पर संस्था ने 14, 15 और 16 जून को तीन दिवसीय नीलम जयंती शब्द उत्सव आयोजित किया। इसी क्रम में म.प्र. हिंदी साहित्य सम्मेलन के शिवपुरी इकाई के अध्यक्ष कवि-गीतकार विनय प्रकाश जैन बीते चार दशक से साहित्य की विभिन्न विधाओं कविता—नई कविता, गीत—नवगीत, व्यंग्य, कहानी और समालोचना में लगातार लेखन कर रहे हैं। उनकी अभी तक तीन किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं। यात्रा कितनी कठिन है विनय प्रकाश जैन नीरव का नवगीत संग्रह और परछाईं पकडऩे की ज़िद करते हुए' उनका कविता संग्रह है। 

नीलम जयंती शब्द उत्सव में विनय प्रकाश जैन की काव्य कृति परछाईं पकडऩे की जिद करते हुए का विमोचन भी मंचासीन अतिथियों साहित्य अकादमी विजेता कवि राजेश जोशी, प्रयाग शुक्ल, रामप्रकाश त्रिपाठी, सत्य नारायण वर्मा, कुंदन सिंह परिहार और विजय राय ने किया। इस पुस्तक की सारगर्भित भूमिका शिवपुरी निवासी भास्कर लाक्षाकार आई.ए.एस.(अ.भा.से.) ने लिखी है, जो समारोह में विशेष रूप से उपस्थित थे। शिवपुरी जिले से जुड़े हुए वरिष्ठ पत्रकार तथा प्रतिष्ठित कथाकार हरीश पाठक, लेखक—पत्रकार जाहिद खान, कवि अशोक निर्मल, प्रदीप लाक्षाकार इस गरिमामयी आयोजन के साक्षी रहे। विनय प्रकाश जैन नीरव को नवगीत के क्षेत्र में मिली इस शानदार उपलब्धि के लिए मध्य प्रदेश हिंदी साहित्य सम्मेलन, रामकिशन सिंहल फाउंडेशन, बज़्म—ए—उर्दू, म.प्र. लेखक संघ और म.प्र. प्रगतिशील लेखक संघ शिवपुरी इकाई से जुड़े साहित्यकारों ने बधाई और शुभकामनाएं व्यक्त की हैं।

No comments:

Post a Comment