Responsive Ads Here

Shishukunj

Shishukunj

Monday, November 13, 2023

उत्साह और उल्लास के साथ घर-घर मना दीपावली का पावन त्यौहार, कई जगह हुआ गौ पूजन भी



विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद, ग्रहण के चलते आज होगी गोवर्धन पूजा, कल मनेगा भाईदौज का पर्व

शिवपुरी-भारतीय परंपरा में दीप पर्व दीपावली सबसे बड़े त्यौहार में मुख्य पर्व के रूप में मनाया जाता है। इसी क्रम में उत्साह और उल्लास के साथ घर-घर दीपावली का त्यौहार बड़े ही प्रेम, स्नेह और आदर भाव के साथ मनाया गया। जंहा घर-घर विधि-विधान से पूजा अर्चना की गई तो वहीं दूसरी ओर सूर्य ग्रहण के चलते गोवर्धन पूजा पर इसका असर देखने को मिला, जहां कई जगह गोवर्धन पूजा हुई तो कई जगह अब आज 14 नवम्बर को गोवर्धन पूजा की जाएगी। इसके साथ ही 15 नवम्बर को भाईदौज का पर्व मनाया जाएगा। नगर में दीपावली के त्यौहार को लेकर बाजार में भी खासी चहल-पहल देखी गई और लोगों ने खूब खरीदारी करते हुए अपने परिजनों के साथ दीपावली का त्यौहार मनाया। इसके साथ ही ग्वाल समाज के द्वारा पारंपरिक रूप से घर-घर लक्ष्मी पूजन के साथ-साथ गौ पूजन भी किया गया। यहां लुधावली, घोसीपुरा, ठकुरपुरा में सभी ग्वाल बन्धुजनों ने घर-घर पारंपारिक रूप से परिवारजनों के साथ मिलकर गौ पूजन किया।

चुनावी खर्च से बचते हुए सार्वजनिक दीपावली मनाई चुनावी प्रत्याशियों ने
इन दिनों हो रहे विधानसभा चुनावों को लेकर एक ओर जहां चुनावी खर्च से बचते हुए प्रत्याशियों ने दीपावली का त्यौहार सार्वजनिक चौक-चौराहों पर लोगों के साथ मिलकर मनाया तो दूसरी ओर अनेकों प्रत्याशियों ने अपने-अपने चुनावी क्षेत्र में लोगों से जनसंपर्क करते हुए एक-दूसरे को दीपावली के त्यौहार की बधाईयां दी गई। शहर के माधवचौक चौराहे पर रात्रि के समय भाजपा प्रत्याशी देवेन्द्र जैन अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और चौराहें से निकलने वाले लोगों को चुनावी मतदान के लिए पेम्पलेट व दीपावली बधाई संदेश हाथों में प्रदान किए गए। इसके अलावा कांग्रेस प्रत्याशी केपी सिंह अपने पैतृक गांव पिछोर विधानसभा पहुंचे जहां उन्होंने पूजा-अर्चना के साथ लोगों के बीच पहुंचकर सार्वजनिक रूप से दीपावली का त्योहार मनाया। इसके अलावा अन्य प्रत्याशियों ने भी अपने जनसंपर्कों के साथ दीवाली का त्यौहार मनाया और सभी से चुनाव में मतदान करने का आह्वान किया।

बाजारों में दिखी भीड़, लेकिन पड़वा पर दिखा सन्नाटा
एक ओर जहां दीपावली के त्यौहार पर अच्छी खासी रौनक बाजार में देखने को मिली तो वहीं दूसरी ओर पूरा बाजार आज पड़वा के दिन सन्नाटे भरा रहा। अधिकांश लोगों ने सूर्य ग्रहण के चलते गोवर्धन पूजा करने से दूरी बनाई तो अधिकांश लोग अपने परिजनों के साथ मिलकर घर-घर पहुंचकर दीवाली मनाने पहुंचे। इसके पूर्व दीपावली के त्यौहार को लेकर बाजार में खासी चहल-पहल रही जिसमें छोटे-छोटे हाथ ठेलों के लिए पुलिस प्रशसान के द्वारा भी छूट प्रदान की गई है और कोर्ट रोड़, मिर्ची वाली गली आदि स्थानों पर हाथ ठेलों पर लोगों ने अपना रोजगार का साधन बनाया और जरूरी सामग्री का विक्रय किया गया। लेकिन आज इन सभी स्थानों पर सन्नाटा जैसे हालात भी त्यौहार के बाद नजर आए। अधिकांशत: लोग अपने मिलने-जुलने अथवा परिवार के साथ दीपावली का त्यौहार मनाते हुए नजर आए। दीपावली पर जहां विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना के साथ महालक्ष्मी पूजन हुआ तत्पश्चात जोरदार आतिशबाजी व नए-नए कपड़ों में सज-धज कर लोग परिवार के साथ मिलकर दीपावली का यह पर्व मनाया।

कपड़ा, फूलमाला आदि दुकानों पर देखी गई भीड़
इस बार दीप पर्व दीपावली को लेकर बाजार में रौनक देखने को मिली। जहां बाजार में हाथ ठेला, कपड़े, फूलमाला, मिष्ठान आदि दुकानों पर लोगों की आवाजाही और खरीदी होती हुई नजर आई। वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स बाईक शोरूम, सहित होंडा, हीरो, टीव्हीएस सहित कार शोरूमों पर भी लोगों की खरीदी देखने को मिली। सोने-चांदी के आभूषणों की दुकानों पर भी अच्छी ग्राहकी देखी गई। जहां लोगों ने मनपसंद अनुरूप गहनो की खरीदी भी गई।

त्यौहार के मद्देनजर सतर्क रहा पुलिस व प्रशासन
शुभ दीपावली पर कोई खलल ना हो इसे लेकर पुलिस भी सतर्क है और शहर के माधवचौक चौराह, गुरूद्वारा, झांसी तिराहा, फिजीकल मार्ग सहित शहर के विभिन्न स्थानों सहित आतिशबाजी बाजार सिद्धेश्वर टेक व गांधी पार्क मैदान में भी पुलिस सुरक्षा की व्यवस्था की गई है ताकि लोग के त्यौहार मे कोई व्यवधान व परेशानी ना आए। इसे लेकर पूरे समय त्यौहार पर पुलिस व प्रशासन मुस्तैदी के साथ तैनात रहा और शांति पूर्ण तरीके से दीप पर्व दीपावली का त्यौहार पूरे जिले भर में मनाया गया।

No comments:

Post a Comment