Responsive Ads Here

Shishukunj

Shishukunj

Wednesday, September 27, 2023

शूटिंग रेंज खिलाड़ी अब राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर करेंगें शिवपुरी का नाम रोशन : खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया



खेल मंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर के शूटिंग रेंज का किया लोकार्पण

शिवपुरी-खेल एवं युवा कल्याण, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने आज श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर शिवपुरी में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के शूटिंग रेंज का लोकार्पण किया। भ्रमण के दौरान शिवपुरी खेल स्टेडियम निर्मित खेल मैदानों का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर राज्यमंत्री दर्जा प्रहलाद भारती, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी, पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया, खेल अधिकारी सहित अधिकारी मौजूद रहे।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि राज्य स्तरीय आयोजन के लिए खेलो एमपी यूथगेम्स-2023 समिति गठित कर दी गई है। प्रदेश में खेलों एमपी यूथ गेम्स का आयोजन विभिन्न चरणों में किया जा रहा है। राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन 1-5 अक्टूबर तक किया जाएगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं प्रदेश के सात शहर भोपाल, रीवा, जबलपुर, इंदौर, ग्वालियर सहित शिवपुरी जिले में भी आयोजित होंगे। खेल मंत्री श्रीमती सिंधिया ने कहा कि राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाना है। उन्हें इन प्रतियोगिताओं से जोडऩा है, इनका महत्व बताना है। जिससे वे भविष्य में अच्छा प्रदर्शन कर राज्य स्तर, राष्ट्र एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करें। 

जिले में ऐसा माहौल तैयार करें कि ऑलम्पिक स्तर की प्रतिभाएं निकलकर आए। खेल मंत्री ने कहा कि क्रिकेट, शूटिंग, कबड्डी, खो-खो, कुश्ती, बॉक्सिंग, जूडो, हॉकी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल एवं टेबल-टेनिस आदि खेलों में जिले के युवा भी प्रदेश एवं राष्ट्र स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को भी निर्देश दिए कि खेलों को बढ़ावा देने हेतु जिले के समस्त शासकीय विद्यालयों में प्रत्येक सप्ताह में तीन दिन खेल की कक्षा भी लगाई जाए। जिससे बच्चों को विद्यालय स्तर से ही खेलों के प्रति रूझान पैदा हो। मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने आज श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर शिवपुरी में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के शूटिंग रेंज का लोकार्पण के दौरान शूटिंग स्पर्धा के खिलाडिय़ों से इस विधा के संबंध में आवश्यक जानकारी ली और स्वयं भी रायफल से शूटिंग भी की।

खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक का किया लोकार्पण
खेल एवं युवा कल्याण, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास रोजगार विभाग मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया आज बुधवार को शिवपुरी भ्रमण पर रहीं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने वार्ड क्रमांक-13 में 25 लाख की लागत से निर्मित होने वाले संजीवनी क्लीनिक का उद्घाटन किया। खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि संजीवनी क्लीनिक की शुरुआत होने से क्षेत्र के लोगों को इलाज की सुविधा मिलेगी। उन्हें बीमारियों के इलाज के लिए दूर दराज परेशान नहीं होना पड़ेगा। उन्होंने संजीवनी क्लीनिक की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए इसके संचालन के संबंध में निर्देश दिए। इस मौके पर राज्यमंत्री दर्जा प्रहलाद भारती, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी, पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया, खेल अधिकारी के.के.खरे, पार्षद मीना लाल शाक्य सहित अन्य अधिकारी, पत्रकार एवं पार्षदगण उपस्थित थे।

शहर की ऐसी सड़के जो जर्जर अवस्था में है, तुरंत दुरूस्तीकरण की कार्यवाही करें : खेल मंत्री
शहर की ऐसी सड़के जो जर्जर अवस्था में है, तुरंत उन्हें दुरूस्त किया जाए। इसके लिए विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। कार्य की प्राथमिकता को ध्यान में रखते हुए समय-सीमा में कार्य संपादित होना चाहिए। उक्त आशय के निर्देश आज खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने जिलाधीश कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दिए। खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने निर्देश देते हुए कहा कि जो सड़कें खराब अवस्था में है उनकी मरम्मत कराई जाए। शहर की सड़के व्यवस्थित होना आवश्यक है। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिए है कि सड़कों पर लाइन विछाते समय खोदे गए गड्ढो को खुला न छोड़ा जाए। ऐसे गड्ढों को तुरंत कार्य उपरांत बंद कर सड़क को दुरूस्त किया जाए। जिससे आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

No comments:

Post a Comment