Responsive Ads Here

Shishukunj

Shishukunj

Tuesday, November 30, 2021

पंचकल्याणक महोत्सव की तैयारियां जोरों पर, 05 से 10 दिसम्बर तक होंगे कई भव्य आयोजन


केंद्रीय उड्डयन मंत्री माननीय श्रीमंत ज्योतिराज सिंधिया होंगे समारोह में शामिल

शिवपुरी-शिवपुरी के इतिहास में 13 बर्ष बाद होने जा रहे श्री 1008 पाश्र्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर पुरानी शिवपुरी के श्री 1008 मज्जिनेंद्र जिनबिम्ब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा एवम गजरथ महोत्सव का आयोजन आगामी 05 दिसम्बर से होने जा रहा है। जिसमें जहां पुरानी मुख्य प्रतिमाओं को पुन: नवीन वेदिका पर विराजमान किया जाएगा, वहीं भगवान आदिनाथ, भगवान मुनिसुव्रतनाथ एवं भगवान भरत की नवीन प्रतिमाओं को भी विराजमान किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जीर्णोधार के पश्चात नवीन एवं मंदिर निर्माण पूर्ण होने के बाद नवीन जिन प्रतिमाओं पर सूर्य मंत्र दिया जायेगा, जिससे यह प्रतिमाएँ प्रतिष्ठित होकर पूज्यनिय हो जायेंगी। आयोजन को लेकर तैयारियों जोरों पर है। जिसके लिए गांधी पार्क मैदान को भव्य अयोध्या नगरी का रूप दिया जा रहा है। 10 दिसम्बर तक चलने वाले इस आयोजन में आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज के प्रिय शिष्य परम पूज्य मुनि श्री अभयसागर जी महाराज, मुनि श्री प्रभातसागर जी महाराज एवं मुनि श्री निरीहसागर जी महाराज जी महाराज संसघ का मंगल सानिध्य मिलेगा।

     पंचकल्याण महोत्सव के अध्यक्ष जीतेन्द्र जैन गोटू ने जानकारी देते हुये बताया कि महोत्सव में दस हजार समाज बंधुओं के आगमन के मद्देनजर 90 बाई 225 फुट का विशाल डोम बनाया जा रहा है, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु एकसाथ कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं एवं जैन परंपरानुसार शौध की भोजन शाला तथा सामूहिक भोजन शाला का अस्थायी निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा व्रती श्रावकों के लिए भी अलग से भोजन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए 85 गुणा 155 वर्गफीट में भोजनशाला बनाई जा रही है। वहीं महामहोत्सव में शामिल प्रमुख पात्रों व इंद्र-इंद्राणियों के लिए अलग से भोजनशाला बनाई जा रही है। यहां आने वाले समाज बंधुओं के ठहरने की उत्तम व्यवस्था की गई है, वहीं आयोजन स्थल पर भी आधुनिक कमरों का भी निर्माण किया जा रहा है।

      महोत्सव के संयोजक राजकुमार जैन जड़ीबूटी एवं कार्यकारी अध्यक्ष चौधरी अजीत जैन ने बताया कि प्रतिष्ठाचार्य बाल ब्र. प्रदीप भैया सुयश अशोकनगर के निर्देशन में विधिविधान से कार्यक्रम होंगे। जिसमें 05 दिसम्बर को विशाल घटयात्रा जुलूस गजरथ (ऐरावत हाथी), बग्घी, घोड़े, बाजे-गाजे के साथ निकाली जाएगी। 06 दिसम्बर को गर्भ कल्याणक मनाया जायेगा। 07 दिसम्बर को जन्म कल्याणक के दिन विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद नवनिर्मित पांडुक शिला पर 1008 कलशों से भगवान का अभिषेक होगा। इसके लिये गांधीपार्क में ही पांडुकषिला का निर्माण किया गया है। 08 दिसम्बर को भगवान के तप कल्याणक के दिन आदिकुमार की बारात निकाली जायेगी। 09 दिसम्बर को ज्ञानकल्याणक के दिन भगवान का समोशरण लगेगा तथा 06 दिसम्बर को मोक्ष कल्याणक मनाया जायेगा। सप्ताह भर के इन कार्यक्रम में अनेक राज्यों से जैन समाज के श्रद्धालु पहुंचेंगे।

केंद्रीय उड्डयन मंत्री करेंगे शिरकत
आगामी 05 दिसम्बर को केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पंच कल्याणक महोत्सव के समारोह उद्घाटन में शामिल होंगे जिसकी स्वीकृति प्राप्त हो गई है तथा अन्य बड़े राजनेता भी समारोह में शिरकत करेंगे, जिसकी स्वीकृति भी जल्द ही समाज को प्राप्त होगी।

No comments:

Post a Comment