Responsive Ads Here

Shishukunj

Shishukunj

Friday, October 1, 2021

पोषण आहार कारखाने अब ठेकेदार नहीं महिला स्व.सहायता समूह चलायेंगे : मुख्यमंत्री श्री चौहान


जनकल्याण और सुराज अभियान के तहत आयोजित हुए महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम में हुए शामिल

केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री सिंधिया भी कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए

शिवपुरी-मध्यप्रदेश में पोषण आहार बनाने का कारखाना अब कोई ठेकेदार नहीं बल्कि स्व.सहायता समूह की महिलायें चलायेंगीं, उससे होने वाला लाभ भी स्व.सहायता समूह की महिलाओं के खाते में जायेगा, इसके साथ ही महिलाओं को सशक्त करने की दिशा में सरकार हर संभव कार्य करेगी, स्व.सहायता समूह की महिलायें ही स्कूल के बच्चों के गणवेश सिलने का कार्य करेंगीं, राशन की दुकानें भी स्व.सहायता समूहों की महिलाओं के माध्यम से संचालित की जायेंगी। साथ ही उपार्जन का कार्य भी स्व.सहायता समूह की महिलाओं को दिया जाएगा। 

उक्त बात कही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जो स्थानीय स्टेडियम में आयोजित जन कल्याण एवं सुराज अभियान के तहत आयोजित हुए महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, लोक निर्माण राज्य मंत्री सुरेश रायखेड़ा एवं गुना.शिवपुरी संसदीय क्षेत्र के सांसद के पी यादव, विधायक कोलारस वीरेन्द्र रघुवंशी, प्रदेश महामंत्री भाजपा रणवीर रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राजू बाथम सहित पूर्व विधायक एवं अन्य अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। 

कार्यक्रम में स्व.सहायता समूहों को बैंक ऋण के चैक प्रदान किए गए। साथ ही जिन बैंक मैनेजरों द्वारा उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

सिंग्ल क्लिक के माध्यम से 20 हजार स्व-सहायता समूहों के खातो में भेजी 22 करोड़ 77 लाख की राशि
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश की 20 हजार महिला स्व.सहायता समूहों को क्रेडिट लिंकेज के अन्तर्गत ढ़ाई सौ करोड़ रूपये की आर्थिक सहायता वितरित की। साथ ही सिंगल क्लिक के जरिए ही सहरिया, बैगा और भारिया जनजाति की 2 लाख 27 हजार 687 महिलाओं को 22 करोड़ 77 लाख रुपये का आहार भत्ता और बाढ़ पीड़ितों को 163 करोड़ 28 लाख रूपये राहत राशि के रूप में वितरित किये गए। उन्होंने इस अवसर पर शिवपुरी जिले के 80 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी सिंगल क्लिक से किया। जिसकी लागत 305 करोड़ रूपए है।

वर्चुअल शामिल हुए केन्द्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया
इस दौरान कार्यक्रम में दिल्ली से वर्चुअली रूप से केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी इस कार्यक्रम से जुड़े। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन कल्याणकारी योजनाओं को सराहा और महिला सशक्तिकरण के लिए स्व-सहायता समूहों हितग्राहियों को सबल बनाने की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को सराहा।

गणवेश सिलाई और राशन दुकान का संचालन भी स्व-सहायता समूह करेंगें
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से तय किया गया है कि अब प्रदेश में स्कूली बच्चों के गणवेश सिलाई का कार्य किसी ठेकेदार के माध्यम से नहीं बल्कि स्व.सहायता समूहों की महिलाओं के माध्यम से किया जाएगा। स्व.सहायता समूह की महिलायें ही स्वयं कपड़ा खरीदेंगीं और सिलाई करेंगीं। इसका पूरा लाभ उनके खाते में जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने यह भी कहा कि प्रदेश में अब राशन की दुकानों का संचालन और समर्थन मूल्य पर खाद्यान्न खरीदने का कार्य भी स्व.सहायता समूह की महिलाओं को दिया जाएगा।

महिला सशक्तिकरण में शिवराज सरकार का अहम योगदान : मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया
प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में शिवराज सरकार का अहम योगदान है यही वजह है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा जो कार्य किया गया है उसकी गूँज न केवल मध्यप्रदेश में बल्कि पूरे देश में है। लाड़ली लक्ष्मी योजना के माध्यम से प्रदेश में 40 लाख बच्चियों को लाभान्वित किया गया है। बच्चियां पढ़े और आगे बढ़े, इसके लिये हजारों बच्चियों को साइकिल उपलब्ध कराई गई है। मंत्री श्रीमती सिंधिया ने कहा कि इससे भी आगे बढ़ते हुए प्रदेश में अब पोषण आहार तैयार करने वाले कारखानों का मालिक भी स्व.सहायता समूह की महिलाओं को बनाया गया है। यह कार्य महिलाओ के हित में ऐतिहासिक कार्य है।
सांसद ने रखी क्षेत्र की प्रमुख दो मांगे पर्यटन और फूड प्रोसेसिंग इकाई की हो स्थापना
कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद के पी यादव ने भी अपने विचार रखे और दो प्रमुख मांगें उन्होंने से मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जिसमें उन्होंने कहा शिवपुरी जिले में पर्यटन की अपार संभावनायें हैं और शिवपुरी जिले के आस.पास उत्पन्न होने वाले टमाटर, धनिया एवं अन्य उत्पादों के लिये प्रोसेसिंग यूनिट भी उपयोगी साबित होगी। उन्होंने वन क्षेत्र को देखते हुए औषधि निर्माण यूनिट लगाने की आवश्यकता भी बताई।, साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों के साथ-साथ जनकल्याण के कार्य भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में तेजी के साथ किए जा रहे हैं।

No comments:

Post a Comment